संयुक्त किसान मोर्चा, उत्तर प्रदेश प्रेस विज्ञप्ति

संयुक्त किसान मोर्चा, उत्तर प्रदेश
प्रेस विज्ञप्ति
1 मार्च, 2022

संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय नेताओं ने आज अंबेडकर नगर (अकबरपुर) और आजमगढ़़ में प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधानसभा चुनाव में भाजपा को सज़ा देने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय नेता हन्नान मोला व योगेन्द्र यादव के अलावा किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह, जय किसान आंदोलन के दीपक लाम्बा, क्रांतिकारी किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी शशिकान्त, अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के विमल त्रिवेदी , किसान संग्राम समिति के सत्यदेव पाल व मजदूर किसान एकता मंच के राजेश आजद ने सम्बोधित किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरूआत में, हन्नान मोला ने स्पष्ट किया चुनाव में भाजपा को वोट न देने का कदम किसानों को मज़बूरी में उठाना पड़ा है क्योंकि भाजपा सरकार ने आन्दोलन वापसी के समझौते के वक्त जो लिखित वादे किए वह पूरे नहीं किए हैं। सरकार ने वादाखिलाफी की है। न एमएसपी पर कमेटी बनाई, न आंदोलन के दौरान किसानों पर लगाए मुकदमे वापस लिए, न ही शहीद किसानों के परिजनों को सहायता दी।
इसके उलट लखीमपुर के मुख्य साजिशकर्ता अजय मिश्र टैनी को मंत्री बनाए हुए हैं, साथ ही चार किसानों और एक पत्रकार की हत्या के दोषी मंत्री पुत्र को जमानत देकर किसानों के जख्म पर नमक छिड़कने का काम किया है।
योगेन्द्र यादव ने कहा कि यह स्पष्ट है कि हम किसी भी दल के लिए वोट नही मांग रहे हैं बल्कि किसान आंदोलन से किए गए विश्वासघात के लिए चुनाव में भाजपा को सज़ा देने की अपील जनता से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नौजवान रोजगार मांग रहा है किसान अपनी फसलों का दाम, महंगाई चरम पर है, गन्ने का भुगतान रुका पड़ा है। जब हम गन्ना की बात करते है, वो जिन्ना राग करते हैं। जब जनता हिसाब मांगती है तो हिजाब। लेकिन इस बार जनता इनके झांसे में नही आने वाली।
अकबरपुर प्रेसवार्ता के दौरान योगेन्द्र यादव ने राममनोहर लोहिया को याद करते हुए कहा कि लोहिया की जन्मस्थली की जनता सांप्रदायिक ताकतों के झांसे में नहीं फंसने वाले। यहां जनता भाजपा के कुकर्मों की सजा देने में एक इतिहास रचेगी। किसान नेताओं ने अकबरपुर में राममनोहर लोहिया के स्मारक पर जाकर माल्यार्पण भी किया।

जारीकर्ता
मीडिया सेल