20 नवंबर को संसद के समक्ष किसान करेंगे प्रदर्शन : हन्नान | दैनिक भास्कर

अखिलभारतीय किसान सभा के महासचिव पूर्व सांसद हन्नान मोल्ला ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ और किसानों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर देश के हजारों किसान 20 नवंबर को संसद के समक्ष विशाल प्रदर्शन करेंगे। 182 किसान संगठन अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। भूमि अधिग्रहण नियमावली में संशोधन, सबके लिए खाद्य सुरक्षा, किसानों की ऋण माफी समेत उनकी कई मांगे हैं। हन्नान मोल्ला मंगलवार को किसान मुक्ति यात्रा के रांची पहुंचने पर राजभवन के समक्ष हुई सभा में बोल रहे थे। अखिल भारतीय किसान महासभा के महासचिव राजाराम ने बताया कि देश के 5 हिस्से से किसान मुक्ति यात्रा निकाली गई। उन्होंने झारखंड के किसानों से 20 नवंबर को संसद के समक्ष आयोजित प्रदर्शन में हजारों की संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। सभा को डाॅ. सुनीलम, दयामनी बारला, सुरजीत सिन्हा, महेंद्र पाठक, पूरन महतो, सुफल महतो, रंगोबती देवी ने भी संबोधित किया।

Source: Hindi News: 20 नवंबर को संसद के समक्ष किसान करेंगे प्रदर्शन : हन्नान | रांची समाचार – दैनिक भास्कर हिंदी न्यूज़