यूपी समाचार: ‘अब किसान आत्महत्या नहीं, संघर्ष करेंगे’ – Navbharat Times 

महाराष्ट्र में हुए किसान आंदोलन की तर्ज पर अखिल भारतीय किसान सभा उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही आंदोलन करने की तैयारी कर रहा है। लक्ष्मण मेला मैदान में गुरुवार को आयोजित किसान प्रतिरोध रैली की सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष व महाराष्ट्र किसान आंदोलन के नायक अशोक धवले ने यह बात कही। रैली में प्रदेश के करीब चार हजार किसान शामिल हुए। अशोक ने कहा कि अब किसान आत्महत्या नहीं, बल्कि संघर्ष करेगा। महज अभी किसान प्रतिरोध के रूप में है लेकिन अगर प्रदेश सरकार ने मांगों को पूरा नहीं किया तो पूरे प्रदेश का किसान लखनऊ घेरने को विवश हो जाएगा। प्रदेश में गांव-गांव पदयात्रा, तहसील, जिलाधिकारी कार्यालय व विधानसभा का घेराव करने की तैयारी की जा रही है।

अशोक ने कहा कि प्रदेश में किसान की समस्या एक बड़ा मुद्दा है। बीजेपी सरकार ने यहां के किसानों के साथ जो छलावा किया है उसका ही परिणाम गोरखपुर और फूलपुर की सीट पर हार के रूप में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्जा माफ होना चाहिए, साथ ही फसल के सही दाम मिलने चाहिए। डॉ. स्वामीनाथन की सिफारिश है कि किसानों को लागत खर्च और 50 फीसद मुनाफा मिलना चाहिए। रैली में किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव हन्नान मौला, सीपीएम पोलित ब्यौरो मेंबर सुभाषिनी अली, किसान सभा प्रदेश सचिव मुकुट सिंह, प्रदेश अघ्यक्ष भारत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

Source: यूपी समाचार: ‘farmers will not commit suicide now, will fight’ | ‘अब किसान आत्महत्या नहीं, संघर्ष करेंगे’ – Navbharat Times Hindi Newspaper