अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की किसान मुक्ति यात्रा विक्रमगंज, पीरो पहुँची

अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति द्वारा देश के सभी किसानों की सम्पूर्ण कर्ज़ा मुक्ति एवं किसानी की लागत से डेढ़ गुना समर्थन मूल्य पर सभी कृषि उत्पादों की खरीद सुनिश्चित करने के लिए देशभर में किसान मुक्ति यात्रा निकाली जा रही है। चौथे चरण की यात्रा का पांचवा दिन दाउदनगर से शुरू होकर विक्रमगंज, पीरो होकर आरा में समाप्त हुआ। आज सुबह यात्रा दाउदनगर से शुरू होकर आरा पहुँची। रास्ते में 25 जगहों पर स्वागत गेट लगाकर, ढ़ोल बजाकर और फूल बरसाकर स्वागत किया गया।

किसान मुक्ति यात्रा के नेताओं ने बियाडा जसोईया मोड़ पर श्री सीमेंट वर्कर यूनियन के धरने पर बैठे कर्मचारियों से मुलाकात करके उनको समर्थन भी दिया। यात्रियों ने बिक्रमगंज और पीरो में हज़ारों किसानों की सभाओं को संबोधित किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय किसान महासभा के महासचिव एवं पूर्व विधायक राजा राम सिंह ने भोजपुर के किसान आंदोलन का ज़िक्र करते हुए प्रदेश सरकार से बिहार प्रदेश को खाद्य गारंटी देने वाले जिलों में सिंचाई की व्यवस्था करने के लिए,इंद्रपुरी जलाशय (कदवन डैम) के निर्माण की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने यदि धान के हर दाने की समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा गया तो प्रदेश व्यापी किसान आंदोलन छेड़ा जाएगा।

Source: अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की किसान मुक्ति यात्रा विक्रमगंज, पीरो पहुँची