किसान सभा ने राजभवन के समक्ष धरना दिया

झारखंड राज्य किसान सभा ने शुक्रवार को राजभवन के समक्ष धरना दिया। राज्यपाल के नाम 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा। सदस्यों ने कहा कि राज्य में किसानों के आत्महत्या की घटनाएं बढ़ती जा रही है। खाद्य सुरक्षा में भ्रष्टाचार और कृषि विभाग में भयंकर लूट है। आंकड़ों में ही कृषि का विकास हो रहा है। इसके कारण ग्रामीण इलाकों से बड़े पैमाने पर नौजवान पलायन कर रहे हैं। प्रति व्यक्ति अनाज की उपलब्धता में गिरावट आई है। कुपोषण हावी है। महिला और बच्चों की स्थिति सबसे खराब है। सदस्यों ने एमएसपी के लिए स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को लागू करने के लिए कानून बनाने की मांग की। इससे पहले जयपाल सिंह स्टेडियम से रैली निकाली गई। वह राजभवन के पास पहुंचकर सभा में बदल गई। इसे राजेंद्र सिंह मुंडा, सुरजीत सिन्हा, सुफल महतो, श्याम सुंदर महतो, सुभाष हेंब्रम, रतिया उरांव, उत्पल विश्वास सहित अन्य ने संबोधित किया।

Source: Kisan Sabha protest before Raj Bhawan, Ranchi News – Hindustan